कोल्हान

*जमीन विवाद में मां-बेटी की हत्या, शव जलाकर पहाड़ की गुफा में दफनाया; सात आरोपी गिरफ्तार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मां-बेटी की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को जलाकर पहाड़ की गुफा में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तोरलो जंगल के दावबुरु पहाड़ स्थित एक गुफा से दोनों महिलाओं के जले हुए शवों के अवशेष (हड्डियां) बरामद किए हैं।

शुक्रवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को मझारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ा तोरलो गांव के टोपागाई टोला निवासी कुनी कुई (68) और उनकी बेटी नामसी बिरुवा (27) लापता हैं। सूचना में आशंका जताई गई थी कि जमीन विवाद को लेकर परिवार और गांव के कुछ लोगों ने साजिश के तहत दोनों की हत्या कर दी है और साक्ष्य मिटाने के लिए शवों को जंगल में जलाकर दफना दिया है।

इस मामले में मंझारी थाना कांड संख्या 59/2026, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त अंचलाधिकारी मंझारी और रांची से पहुंची एफएसएल टीम की मौजूदगी में दावबुरु पहाड़ की गुफा से दोनों महिलाओं के जले हुए शवों के अवशेष बरामद किए गए।

*जमीन विवाद में हत्या की साजिश का आरोप*

एसडीपीओ के अनुसार, प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि जून-जुलाई 2026 में खेत की मेड़ काटने को लेकर यदुनाथ बिरुवा और कुनी कुई के बीच विवाद हुआ था। वहीं, कुनी कुई के पहले पति से हुए बेटे त्रिभुवन बिरुवा पर आरोप है कि वह अपने पिता की मृत्यु के बाद से ही मां कुनी कुई और बहन नामसी को घर से निकालने के लिए परेशान करता था।

पुलिस के मुताबिक, त्रिभुवन बिरुवा ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 13 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे मां-बेटी की हत्या की साजिश रची। इसके बाद दोनों के शवों को वाहन से मोटकसाई गांव के दावबुरु पहाड़ स्थित गुफा में ले जाया गया। वहां लकड़ी और झाड़ियों की मदद से शवों को डीजल डालकर जलाया गया और बचे हुए अवशेषों को गुफा में ही दफना दिया गया।

*गिरफ्तार सात आरोपियों के नाम*

पुलिस ने जिन सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें यदुनाथ बिरुवा उर्फ यादु (31), लादुरा बिरुवा (50), राजा राम बिरुवा (34), चेदरे बिरुवा उर्फ चंद्र बिरुवा, माहती बिरुवा (35), दुई कोडाकेल उर्फ लखन कोडाकेल (32) और त्रिभुवन बिरुवा (36) शामिल हैं। सभी मझारी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

सभी आरोपियों को 29 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

*छापामारी दल में शामिल अधिकारी*

छापामारी दल में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी, मझारी थाना प्रभारी दिलीप साय माझी, अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार तथा मझारी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!