कोल्हान

बिष्टुपुर में भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता आयोजित, विजेता टीमें रांची में करेंगी प्रतिभाग

जमशेदपुर। भारत विकास परिषद जमशेदपुर एवं आदित्यपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का शाखा स्तरीय आयोजन सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन, बिष्टुपुर में किया गया। प्रतियोगिता में कुल पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत एवं लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रत्येक गीत के लिए सात मिनट का समय निर्धारित किया गया था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतुल भटनागर, टाटा स्टील के ओएमएंडक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक, विशिष्ट अतिथि अभिषेक अग्रवाल, सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष, भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, क्षेत्रीय संयोजक सह संयुक्त सचिव दिनेश प्रसाद, शाखा अध्यक्ष अशोक मोदी, शशि मिश्रा, पूर्वी घोष, शाखा सचिव अरुण गुप्ता एवं राकेश सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद डीएवी एनआईटी के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी गई।

शाखा अध्यक्ष अशोक मोदी ने स्वागत भाषण दिया। अतिथियों ने भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं संस्कार आधारित कार्यों की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

प्रतियोगिता के परिणाम में आदित्यपुर शाखा के डीएवी एनआईटी ने प्रथम, केपीएस गम्हरिया ने द्वितीय तथा विद्या ज्योति स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जमशेदपुर शाखा में एआईडब्ल्यूसी एकेडमी बारीडीह प्रथम तथा रामकृष्ण मिशन द्वितीय स्थान पर रहा। दोनों शाखाओं की प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें 11 अक्टूबर को रांची में आयोजित प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं राष्ट्रभावना को बढ़ावा देना है। यह प्रतियोगिता शाखा स्तर से शुरू होकर प्रांत, क्षेत्र और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाती है।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका कोंकना दास, सुशांत घोषाल एवं आलोक ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन जमशेदपुर शाखा सचिव अरुण गुप्ता ने किया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शैलेंद्र कुमार, पूर्वी घोष, रंजना कुमारी, राजेश सिन्हा, महावीर अग्रवाल, राकेश सिन्हा, विनीत सहाय, भारत सहाय, कविता सहाय, आकांक्षा सुमन, पवन ओझा समेत अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन आदित्यपुर शाखा सचिव राकेश सिन्हा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!