
- बेहतर शहरी सुविधाओं के लिए विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर प्रशासन का फोकस
सरायकेला-खरसावाँ : जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर, नगर परिषद कपाली तथा नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव, डंपिंग, साफ-सफाई, सड़क, नाली निर्माण, अवैध पार्किंग तथा अन्य विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसे भी पढ़ें : Gua : तीसरे दिन भी गुवा सेल में चक्का जाम, आश्रित को नौकरी देने की मांग पर अड़े मजदूर
हर घर तक पहुंचे स्वच्छ पेयजल, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी घरों को नल-जल योजना से जोड़ने तथा नियमित और सुगम पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में बाधा आ रही हो तो विभाग एवं कार्यदायी एजेंसियां आपसी समन्वय से उसका समाधान करें। उपायुक्त ने लंबित पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए निरंतर निगरानी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : भारी बारिश से मनोहरपुर जलमग्न, कोयना-कोयल नदी का जलस्तर बढ़ा
कचरा उठाव व्यवस्था की समीक्षा, सभी वाहनों के नियमित संचालन का निर्देश
बैठक में नगर निकाय क्षेत्रों में कचरा उठाव, डंपिंग और साफ-सफाई व्यवस्था की भी गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमित रूप से कचरा संग्रहण और निर्धारित स्थलों पर डंपिंग सुनिश्चित की जाए। आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसी को नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी 32 कचरा उठाव वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मरम्मत या मेंटेनेंस के कारण बंद वाहनों को शीघ्र दुरुस्त कर सेवा में लगाने को कहा गया। नगर आयुक्त को GPS ट्रैकिंग के माध्यम से वाहनों की निगरानी करने तथा निर्धारित रूट के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर महादेवशाल में उमड़ा आस्था का सैलाब
गैस पाइपलाइन और अवैध पार्किंग की समस्याओं के समाधान के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान आदित्यपुर क्षेत्र में GAIL GAS एवं JUDCO की पाइपलाइन से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर वर्तमान समस्याओं का शीघ्र समाधान करने तथा भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा नगर क्षेत्रों में अवैध पार्किंग की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने, नियमित निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार औचक निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए इस पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : मंझारी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी चालक फरार
प्रधानमंत्री आवास योजना और नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। जिन लाभुकों के आवास स्वीकृत होने के बावजूद ऋण या निर्माण प्रक्रिया लंबित है, उनकी सूची जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकतानुसार स्थल निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, कचरा उठाव, साफ-सफाई, नाली एवं जल निकासी, सड़क और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित समीक्षा और निगरानी करने पर बल दिया। बैठक में नगर आयुक्त एजाज अनवर, नगर परिषद कपाली एवं नगर पंचायत सरायकेला के पदाधिकारी, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।




