Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

सड़क किनारे पार्किंग शुल्क वसूली पर रोक की मांग, भाजपा ने उपायुक्त को सौंपा शिकायत पत्र

चाईबासा: शहर की सड़कों के किनारे पार्किंग और ठेला-दुकान लगाने के लिए नगर परिषद द्वारा शुल्क वसूले जाने के मामले को लेकर भाजपा ने आपत्ति जताई है। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के झारखंड प्रदेश मंत्री सह अधिवक्ता हेमन्त कुमार केशरी ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर इस वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

शिकायत पत्र में हेमन्त कुमार केशरी ने आरोप लगाया कि चाईबासा नगर परिषद शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे वाहन, ठेला और दुकान लगाने के लिए शुल्क वसूल रही है। उनके अनुसार, सड़क किनारे इस तरह की पार्किंग और दुकानें लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट का भी उल्लेख किया। केशरी के मुताबिक, साप्ताहिक हाट के दौरान पूरे जिले से बड़ी संख्या में लोग चाईबासा पहुंचते हैं। बसों और छोटे वाहनों से लोगों के आने के कारण शहर में पहले से ही यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में सड़क किनारे वाहन और दुकानें लगने से समस्या और बढ़ जाती है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले कुछ वर्षों से जमशेदपुर के फल दुकानदार बस स्टैंड, गाड़ी खाना सड़क, कांग्रेस भवन से बड़ी बाजार जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई स्थानों पर सड़क से सटे पैदल मार्गों पर दुकान लगा रहे हैं। भाजपा नेता का कहना है कि नगर परिषद के कर्मियों द्वारा इनसे पार्किंग शुल्क के नाम पर राशि ली जाती है और रसीद दिए जाने के कारण दुकानदार सड़क किनारे दुकान लगाने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।

उन्होंने कोर्ट रोड और गांधी मैदान के आसपास सड़क किनारे अतिक्रमण एवं पार्किंग से उत्पन्न परेशानी का भी जिक्र किया। साथ ही शहर में इलेक्ट्रिक टोटो की बढ़ती संख्या के कारण यातायात दबाव बढ़ने और दुर्घटना की आशंका जताई।

हेमन्त कुमार केशरी ने पैदल मार्गों को अवरुद्ध किए जाने से संबंधित उच्चतम न्यायालय के हालिया निर्णय का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि यदि पैदल चलने वाले रास्तों को बाधित नहीं किया जा सकता, तो किस प्रावधान के तहत सड़क किनारे पार्किंग और ठेला-दुकान लगाने के लिए शुल्क वसूला जा रहा है।

उन्होंने उपायुक्त से जनहित में नगर परिषद द्वारा पार्किंग शुल्क के नाम पर की जा रही वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे चाईबासा शहर को जाम से राहत मिलेगी और पैदल चलने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।

भाजपा नेता ने यह भी चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी उपलब्ध साक्ष्यों के साथ उच्चतम न्यायालय में शिकायत करने पर विचार करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!