Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : साकची शिव मंदिर में 12 हजार लीटर गंगाजल से सहस्त्रघट जलाभिषेक, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा परिसर

सुल्तानगंज से लाए गए गंगाजल से हुआ विशेष पूजन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

  • सावन में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम, धार्मिक आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
  • पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित कई गणमान्य रहे मौजूद
  • सावन में धार्मिक आयोजनों से शिवमय हुआ शहर

जमशेदपुर : सावन माह के पावन अवसर पर मंगलवार को साकची बाजार स्थित श्री श्री साकची शिव मंदिर में लगातार पांचवें वर्ष सुल्तानगंज से लाए गए गंगाजल से भगवान शिव का भव्य सहस्त्रघट जलाभिषेक संपन्न हुआ। शिव मंदिर कमिटी के लालचंद अग्रवाल एवं बबलु अग्रवाल परिवार द्वारा अपने पिता स्वर्गीय विनोद कुमार अग्रवाल की स्मृति में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह 10 बजे से विधिवत शिव पूजन का आयोजन शुरू हुआ, जबकि दोपहर एक बजे से टैंकर के माध्यम से लाए गए लगभग 12 हजार लीटर गंगाजल से भोले बाबा का सहस्त्रघट जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एसआईआर-2026 को लेकर उपायुक्त की बीएलओ के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक, घर-घर सत्यापन पर दिया जोर

1100 श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया गंगाजल

कार्यक्रम के दौरान 1100 श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क डिब्बों में गंगाजल का वितरण भी किया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भारी भीड़ लगी रही और श्रद्धालु ‘ओम नमः शिवाय’, ‘जय जय भोलेनाथ’ तथा ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ भक्ति में लीन नजर आए। संध्या पांच बजे भगवान शिव का विशेष श्रृंगार और महाआरती आयोजित की गई। फूलों की आकर्षक सजावट से सुसज्जित शिवलिंग और मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। धार्मिक वातावरण से पूरा साकची बाजार क्षेत्र शिवमय हो गया और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भाजपा का बंद पूरी तरह विफल रहा, जनता ने छात्र आंदोलन की राजनीति को नकारा – प्रताप कुमार यादव

11 विद्वान पंडितों ने संपन्न कराया विधिवत अनुष्ठान

पूरे धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पंडित बिपीन के नेतृत्व में शहर के 11 विद्वान पंडितों ने सामूहिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। आयोजन को सफल बनाने में अग्रवाल परिवार, साकची शिव मंदिर कमिटी, स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री Raghubar Das, समाजसेवी सुभाष शाह, ओमप्रकाश रिंगसिया, गिरधारी लाल खेमका, राजेश पसारी, बजरंग लाल अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, उमेश साह, कमलेश चौधरी, ललित डांगा, संदीप मुरारका, कमल किशोर अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी और सन्नी संघी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन ने सावन माह में धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!