कोल्हानचाईबासा

मूसलाधार बारिश से बोकना पुल डूबा, गुवा-बड़ाजामदा मार्ग पर आवागमन बाधित

गुवा:प्रकाश गुप्ता: बुधवार देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गुवा और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश के चलते पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप स्थित बोकना पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है। पुल पर जलस्तर बढ़ने के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर इस रास्ते से आवागमन बाधित हो गया है।

गुवा से बड़ाजामदा जाने के लिए मुख्य रूप से दो मार्ग हैं। पहला मार्ग हाथी चौक होकर जाता है, जबकि दूसरा पंचमुखी हनुमान मंदिर होते हुए बोकना पुल से होकर गुजरता है। बोकना पुल वाला मार्ग अपेक्षाकृत कम दूरी का है और इससे बड़ाजामदा पहुंचने में करीब तीन किलोमीटर की दूरी बचती है। पुल के जलमग्न होने के बाद लोगों को अब हाथी चौक वाले वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा है।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की छोटी-बड़ी नदियों और नालों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। कारो नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ने से नदी उफान पर बताई जा रही है। इससे नदी के आसपास रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। लोगों को कारो नदी और जलमग्न पुलों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही नदी में मछली पकड़ने या नहाने के लिए नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। बारिश के दौरान लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!