गुवा से कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज रवाना, बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

गुवा संवाददाता। सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के लिए शुक्रवार को गुवा से कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। कांवरियों का जत्था दोपहर करीब 1:30 बजे गुवा रेलवे स्टेशन से टाटानगर जाने वाली डीएमयू ट्रेन से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ।
सुल्तानगंज पहुंचने के बाद सभी कांवरिये पवित्र गंगा नदी से जल उठाकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
यात्रा को लेकर कांवरियों में काफी उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जयकारा लगाते हुए मंगल यात्रा की कामना की।
कांवरियों के जत्थे में पंकज कुमार गुप्ता, राजेश ठाकुर, सन्नी पात्रों, दीपमाला करुवा, जय करुवा, सावित्री हेस्सा, किसान लोहरा सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर वे परिवार और क्षेत्र के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना करेंगे।




