Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासा

चाईबासा: सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति डॉ. नीरा यादव ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा

चाईबासा: झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति डॉ. नीरा यादव के पश्चिमी सिंहभूम जिला आगमन पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद परिसदन सभागार, चाईबासा में डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में समिति सदस्य सुरेश कुमार बैठा भी मौजूद रहे।

बैठक में आपदा प्रबंधन, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, शिक्षा, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन, पशुपालन, उद्योग, राजस्व, पथ निर्माण और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सभापति ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं को समय पर पूरा करने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान मुआवजा भुगतान सहित अन्य लंबित मामलों को जल्द निपटाने को कहा गया। कल्याण विभाग को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को जिले में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने तथा शिक्षा विभाग को विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों की सहभागिता से फलदार पौधे लगाने को कहा गया।

सभापति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक से विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सहित अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ऊर्जा विभाग से जिले में विद्युत उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की गई।

राजस्व, उत्पाद, खनन, वाणिज्यकर और परिवहन विभागों से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राजस्व प्राप्ति की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर राजस्व संग्रहण का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंटीवेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी विभागों को योजनाओं और कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!