
जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र के बाहरदाढ़ी गांव की जर्जर सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क का निर्माण अथवा मरम्मत कराने की मांग की।

भाजपा एसटी मोर्चा के सह प्रदेश प्रवक्ता उपेंद्रनाथ सरदार (राजू सरदार) ने ग्रामीणों के साथ सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए सरकार पर विकास के नाम पर केवल वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाहरदाढ़ी गांव की सड़क लंबे समय से उपेक्षित है, जिसके कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों और बुजुर्गों को होती है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण कई बार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी हो जाती है और एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से सड़क की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। वहीं, उपेंद्रनाथ सरदार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण या मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।




