7 अगस्त को सिदगोड़ा में आजसू युवा का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन, 8 अगस्त को निर्मल महतो शहादत दिवस पर कदमा में होगा विशाल आयोजन

जमशेदपुर: आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 7 अगस्त को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन तथा 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर कदमा गणेश पूजा मैदान में विशाल सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

पार्टी नेताओं ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों में पूरे झारखंड से हजारों कार्यकर्ता, युवा एवं समर्थक शामिल होंगे। सम्मेलन में आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, सांसद, विधायक, प्रधान महासचिव, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक सहित केंद्रीय नेतृत्व की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, राज्य के विभिन्न मुद्दों पर रणनीति और जनआंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा होगी। साथ ही विभिन्न दलों एवं सामाजिक संगठनों के कई युवाओं के आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का भी दावा किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि एवं आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिश ने कहा कि झारखंड युवाओं के रोजगार, किसानों के अधिकार और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि 7 और 8 अगस्त के कार्यक्रम झारखंड के स्वाभिमान, अधिकार और परिवर्तन के संकल्प को मजबूत करेंगे।
केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि निर्मल महतो का बलिदान झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है तथा आजसू पार्टी उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे के आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।
बैठक में पार्टी नेताओं ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं झारखंडवासियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
बैठक में रामचंद्र साहिश, कन्हैया सिंह, चंद्रगुप्त सिंह, डोमेन टुडू, संजय मालाकार, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, चंद्रेश्वर पांडेय, विमल मौर्या, प्रकाश विश्वकर्मा, विकास महतो, मंटू शुक्ला, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सौरभ राहुल सिंह, उपेंद्र सिंह, निरंजन महतो, मंगल टुडू, रामदेव हेंब्रम, राजेश चौधरी, चंदन सिंह, नीरज सिंह, मो. जमाल, मंगल महतो सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।




