
राजनगर:रविकांत गोप:राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब एक बजे हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं। हादसा राजनगर थाना से महज करीब 500 मीटर दूर होंडा शोरूम के समीप हुआ।

जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे बांस लदा एक ट्रक खड़ा था। मजदूर ट्रक से बांस उतारने के लिए उसकी रस्सी खोल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या JH10DJ 4827 ने पीछे से बांस लदे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के पास मौजूद मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के भंडारसोल निवासी नीलकंठ जाना की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव के साथ दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
रविवार सुबह करीब नौ बजे मृतक के परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है।
मृतक के परिजनों ने ट्रेलर मालिक से उचित मुआवजे की मांग की है। साथ ही प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है।




