बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे दो किशोर घायल, एक रेफर

मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगाकाटा भागलपुर गांव में शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में दो किशोर घायल हो गए। घायलों की पहचान 17 वर्षीय कुणाल कच्छप और 12 वर्षीय अंश दास के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, दोनों किशोर अपने घर के समीप सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर से चिड़िया की ओर जा रही एक बाइक ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में दोनों किशोर घायल हो गए। परिजन तत्काल दोनों को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद कुणाल कच्छप की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं अंश दास को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। बाइक सवार के फरार होने के कारण मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।




