
राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बड़ा सिजुलता पंचायत के जामबनी गांव में रविवार को रक्तदान का महापर्व देखने को मिला। गांव के स्कूल प्रांगण में कोल्हान ब्लैक टीम राजनगर एवं JLKM के संयुक्त तत्वावधान में 11वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शिविर की अध्यक्षता कोल्हान ब्लैक टीम राजनगर के अध्यक्ष सह जिला वरीय उपाध्यक्ष प्रभांशु महतो ने की। रक्तदान को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर के अंत तक कुल 158 रक्तवीरों ने रक्तदान कर निर्धारित लक्ष्य को पार कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनगर भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदनी महतो और JLKM केंद्रीय सदस्य प्रेम मार्डी मौजूद रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
JLKM नेता प्रेम मार्डी ने कहा कि रक्तदान महादान है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में युवाओं के बीच रक्तदान को लेकर बढ़ती जागरूकता की सराहना की।
जिला परिषद सदस्य अमोदनी महतो ने कोल्हान ब्लैक टीम के सामाजिक प्रयास की प्रशंसा करते हुए महिलाओं की भागीदारी को विशेष रूप से सराहनीय बताया। उन्होंने अन्य महिलाओं से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
कोल्हान ब्लैक टीम के अध्यक्ष प्रभांशु महतो ने बताया कि यह टीम का 11वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर है। टीम प्रत्येक चार महीने में अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित कर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करती है और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास करती है।
कार्यक्रम में JLKM एवं कोल्हान ब्लैक टीम के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाली मदद बन सकता है। जामबनी में आयोजित इस शिविर में 158 लोगों द्वारा रक्तदान किया जाना सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा की मिसाल माना जा रहा है।




