Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

इचाकुटी गांव में 25 केवी ट्रांसफार्मर का पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिली बिजली की सुविधा

चाईबासा। मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मझगांव प्रखंड के इचाकुटी गांव में रविवार को 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया गया। भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने फीता काटकर ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इस दौरान गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूर्व मंत्री का स्वागत किया।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण गांव अंधेरे में था। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बच्चों की पढ़ाई से लेकर कृषि कार्य और दैनिक जरूरतों तक पर इसका असर पड़ रहा था। ग्रामीणों ने स्थानीय सांसद, विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों से समस्या के समाधान की उम्मीद की, लेकिन ठोस पहल नहीं होने पर उन्होंने पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई से गुहार लगाई।

ग्रामीणों की मांग पर बड़कुंवर गागराई ने विद्युत विभाग से संपर्क कर इचाकुटी गांव के लिए 25 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की। ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद रविवार को इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। बिजली सुविधा बहाल होने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला और गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा।

उद्घाटन के अवसर पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि देश के प्रत्येक गांव को बिजली सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में इचाकुटी जैसे गांव का लंबे समय तक अंधेरे में रहना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के दौरान बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को सांप-बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों के साथ-साथ हाथियों का भी डर बना रहता है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में बिजली लोगों की बुनियादी जरूरत है। बच्चों की पढ़ाई, कृषि कार्य, पेयजल और दैनिक जीवन से जुड़ी कई जरूरतें बिजली पर निर्भर हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।

मौके पर मझगांव भाजपा प्रखंड अध्यक्ष पीतांबर राउत, महेंद्र प्रसाद गोप, बालराम बेहरा, सुजीत कुमार बेहरा, रामदेव पिगुवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!