Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Manoharpur : मनोहरपुर के सर्प मित्र कुशल मुखी को मिला स्नेक कैचर उपकरण, सुरक्षित रेस्क्यू कार्य को मिलेगी मजबूती

जिप उपाध्यक्ष रंजित यादव ने उपकरण सौंपकर सराहा वन्यजीव संरक्षण और समाजसेवा का योगदान

  • सर्प रेस्क्यू में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं कुशल मुखी
  • हालिया घटना के बाद सुरक्षा को लेकर उठाया गया कदम
  • सर्पदंश की स्थिति में समय पर इलाज से बचाई जा सकती है जान

मनोहरपुर : मनोहरपुर के पुराना हरिजन टोला निवासी एवं क्षेत्र के चर्चित सर्प मित्र कुशल मुखी को गुरुवार को झामुमो नेता सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव ने स्नेक कैचर उपकरण प्रदान किया। इस अवसर पर रंजित यादव ने कुशल मुखी के साहस, समाजसेवा और वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कुशल मुखी लंबे समय से मनोहरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में घरों और आबादी वाले इलाकों में घुसने वाले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में छोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उनकी इस सेवा से कई लोगों की जान बची है और क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सर्प रेस्क्यू कार्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम में सड़क सुरक्षा अभियान तेज, प्रमुख मार्गों पर लगाए जा रहे चेतावनी और दिशा-सूचक बोर्ड

बरसात के मौसम में बढ़ जाती हैं सर्पदंश की घटनाएं

हाल ही में नंदपुर गांव में एक विषैले नाग का रेस्क्यू करने के दौरान कुशल मुखी को सांप ने बाएं हाथ में काट लिया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला भेजा गया, जहां सफल उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए स्नेक कैचर उपकरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे भविष्य में वे अधिक सुरक्षित और प्रभावी तरीके से सर्प रेस्क्यू अभियान चला सकेंगे। बरसात के मौसम में मनोहरपुर और आनंदपुर क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने की संभावना रहती है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूकर्ता से संपर्क करें तथा सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराएं। सर्प रेस्क्यू के लिए कुशल मुखी से संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!