Chakradharpur : खरीफ किसान गोष्ठी में किसानों के बीच उन्नत बीजों का वितरण, आत्मनिर्भर खेती अपनाने की अपील

चक्रधरपुर : प्रखंड मुख्यालय स्थित आत्मा कार्यालय परिसर में गुरुवार को आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत खरीफ किसान गोष्ठी सह बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम सांसद जोबा माझी शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद क्षेत्र के सैकड़ों किसानों के बीच धान, उड़द, अरहर और मूंग के उन्नत किस्म के बीजों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि इस वर्ष मौसम की अनिश्चितता और कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को खेती की रणनीति में बदलाव लाने की जरूरत है। उन्होंने किसानों से कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों की खेती करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आती हैं और धान से लेकर सब्जी की खेती तक का अनुभव रखती हैं। किसान की मेहनत और समस्याओं को अच्छी तरह समझती हैं। उन्होंने कहा कि किसान पूरे देश का पेट भरता है और किसान होना गर्व की बात है।
सांसद ने किसानों से केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कृषि ऋण सोच-समझकर लेने की सलाह देते हुए कहा कि आवश्यकता के अनुसार ही ऋण लें, ताकि भविष्य में आर्थिक बोझ न बढ़े।
जोबा माझी ने सामूहिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि समूह बनाकर खेती करने से लागत कम होगी, संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और किसानों की बाजार तक पहुंच आसान बनेगी। उन्होंने किसानों से उन्नत बीजों और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को अपनाने का भी आग्रह किया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी कांचन मुखर्जी, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम, प्रखंड प्रमुख ज्योति सिजुई, उप प्रमुख विनय प्रधान, जिला परिषद सदस्य मीना जोंको, लक्ष्मी हासदा, पूर्व मुखिया विजय सिंह सामाड, प्रदीप महतो, बीटीएम अभय कुमार, एटीएम पंकज कुमार, राजकुमार महतो, प्रदीप शर्मा, रमेश कोड़ाह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : एसोसिएशन ग्राउंड के पास गांजा बेचते एक व्यक्ति गिरफ्तार, 70 पुड़िया गांजा व नकदी बरामद*




