कोल्हान

पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग की ट्रॉफी का अनावरण, सौरभ तिवारी और शाहबाज नदीम की मौजूदगी में बढ़ा क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबलों का मंच तैयार हो गया है। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में 22 सितंबर से पश्चिमी सिंहभूम टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को होटल सैफरन सूट के हॉल में विजेता ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया गया।

ट्रॉफी का अनावरण पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव सौरभ तिवारी तथा पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर एवं जेएससीए के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम की मौजूदगी में हुआ।

लीग में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, कोल्हान किंग, सारंडा वॉरियर्स, जगन्नाथपुर टाइगर, चक्रधरपुर रॉयल्स और मनोहरपुर लाइंस शामिल हैं। लीग चरण में सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

सेमीफाइनल मुकाबलों में पहले स्थान की टीम चौथे स्थान वाली टीम से, जबकि दूसरे स्थान की टीम तीसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर खेला जाएगा।

बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा। लीग में झारखंड के कई चर्चित खिलाड़ी भी मैदान पर नजर आएंगे। इनमें कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले अनुकूल राय, राजस्थान रॉयल्स के सुशांत मिश्रा, गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज कुमार कुशाग्र, मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, झारखंड रणजी टीम के कप्तान विराट सिंह और उत्कर्ष सिंह शामिल हैं।

ट्रॉफी अनावरण समारोह में जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, पूर्व सचिव राजेश वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष राजीव बधान, बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पीएन सिंह, धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और फ्रेंचाइजी टीमों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लीग की घोषणा और ट्रॉफी अनावरण के साथ ही चाईबासा और पश्चिमी सिंहभूम के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!