Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानसरायकेला

सरायकेला-खरसावाँ में RBI की नगर समागम बैठक, MSME विकास और ऋण सुविधाओं पर हुआ मंथन

सरायकेला-खरसावाँ। भारतीय रिज़र्व बैंक, राँची कार्यालय की ओर से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को सरायकेला-खरसावाँ जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर समागम बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रिज़र्व बैंक, झारखंड की क्षेत्रीय निदेशक रक्षा मिश्र ने की।

बैठक में RBI, MSME-DFO, SLBC, बैंक ऑफ इंडिया समेत विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, आदित्यपुर लघु उद्योग संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी शामिल हुए। इस दौरान MSME क्षेत्र के विकास, ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच तथा नियामकीय प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई।

क्षेत्रीय निदेशक रक्षा मिश्र ने कहा कि MSME क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने उद्यमियों को RBI की विभिन्न सुविधाओं और नियामकीय प्रावधानों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि बिना संपार्श्विक ऋण की सीमा बढ़ाकर 20 लाख रुपये की गई है, जबकि सुदृढ़ वित्तीय रिकॉर्ड वाले उद्यमों के लिए यह सीमा 25 लाख रुपये तक है।

इसके अलावा 25 लाख रुपये तक के MSE ऋण आवेदनों पर 14 कार्य दिवसों के भीतर निर्णय, सरल भाषा में Key Facts Statement (KFS), TReDS प्लेटफॉर्म, फ्लोटिंग रेट ऋणों के पूर्व-भुगतान शुल्क संबंधी प्रावधान और CGTMSE कवरेज के विस्तार की जानकारी भी दी गई।

RBI अधिकारियों ने प्रतिभागियों के लिए विभिन्न विषयों पर जागरूकता सत्र आयोजित किए। इस दौरान उद्यमियों ने अपनी संघर्ष और सफलता की कहानियां भी साझा कीं। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय MSME उत्पादों, नवाचार और उद्यमिता को प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए।

नगर समागम बैठक का उद्देश्य उद्यमियों, बैंकों और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना और MSME क्षेत्र के सतत विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!