कोल्हानचाईबासा

विकास योजनाओं के निरीक्षण में 200 के बजाय मिले सिर्फ 8 श्रमिक, डीडीसी ने जताई नाराजगी

चाईबासा: प्रकाश गुप्ता:खूंटपानी प्रखंड में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति का जायजा लेने के लिए उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सोमवार को ग्राम पंचायत बड़ागुंटिया और उलीराजाबासा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, आवास निर्माण, पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं और कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपस्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उलीराजाबासा पंचायत के कार्यस्थल पर एक भी श्रमिक उपस्थित नहीं मिला। इस पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित ग्राम रोजगार सेवक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को पंचायतों में उपलब्ध योजनाओं के अनुसार अधिक से अधिक श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने को कहा।

जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में सभी पंचायतों में प्रतिदिन 200 श्रमिकों को काम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद खूंटपानी प्रखंड में पर्याप्त योजनाएं उपलब्ध होने के बाद भी औसतन केवल आठ श्रमिक प्रति पंचायत प्रतिदिन कार्यरत पाए गए। इस स्थिति पर डीडीसी ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति नाराजगी जताते हुए रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान विकसित भारत जी-राम-जी के तहत बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बगिया योजना के तहत नर्सरी विकास, अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने लाभुकों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के लिए तेजी लाने को कहा।

इसके अलावा पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग की राशि से किए जा रहे सुदृढ़ीकरण कार्य, स्वीकृत योजनाओं की स्थिति और योजनाओं के विरुद्ध किए गए खर्च की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित एजेंसियों और कर्मियों को सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की निगरानी करने और कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी खूंटपानी धनंजय पाठक, मुखिया बड़ा बड़ागुंटिया हरिचरण देवगम, सहायक परियोजना पदाधिकारी जिला परिषद सहित संबंधित विभागों और क्रियान्वयन एजेंसियों के कर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!