चाईबासा में JPSC-JSSC परीक्षा में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भाजपा का प्रदर्शन, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
सर्किट हाउस से उपायुक्त कार्यालय तक निकला जुलूस, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और एफआईआर वापस लेने को लेकर सौंपा ज्ञापन

चाईबासा: JPSC-JSSC की नियुक्ति परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के आरोप और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा ने शनिवार को चाईबासा में जोरदार प्रदर्शन किया। सर्किट हाउस से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुलूस के रूप में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने, नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों की मांगों पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
उपायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद जुलूस धरना-प्रदर्शन और सभा में तब्दील हो गया। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर युवाओं के रोजगार और नियुक्ति परीक्षाओं के मामले में गंभीर सवाल उठाए।
छात्रों के सवालों का जवाब पारदर्शी परीक्षा से मिले : विनय जायसवाल
भाजपा जिला प्रभारी विनय जायसवाल ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन JPSC और JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के सवालों का जवाब लाठी, मुकदमे और एफआईआर से नहीं, बल्कि पारदर्शी परीक्षा और निष्पक्ष नियुक्ति प्रक्रिया से दिया जाना चाहिए।
नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी से पूरे परिवार पर पड़ता है असर : मधु कोड़ा
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के मामले में विफल रही है। उन्होंने कहा कि गरीब माता-पिता मेहनत कर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं और बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी होने से केवल छात्र ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी, बिचौलिए या गिरोह की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग
भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा JPSC-JSSC समेत सभी नियुक्ति परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी तरह की सौदेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जेबी तुबिद ने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए और उनकी जायज मांगों पर निर्णय लेना चाहिए।
पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कहा कि झारखंड के युवा अपना हक मांग रहे हैं, भीख नहीं। उन्होंने कहा कि रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
सभा को मालती गिलुआ और विजय गागराई ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ, चंदन झा, सनी पासवान, हेमंत केसरी, तीरथ जामुदा, अंजन प्रधान, रानी बंदिया, गुल्लू कुमार, राकेश पोद्दार, राकेश शर्मा, चंद्र मोहन तिऊ, रूपा सिंह दास सहित विभिन्न मंच-मोर्चा और मंडल अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से तीन सूत्री मांगों को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। पार्टी ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज करने की चेतावनी दी। इसके तहत चक्का जाम और बंद जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही गई।




