Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Chaibasa : देर रात सदर अस्पताल पहुंचे उपायुक्त मनीष कुमार, स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण

मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए वार्ड, इमरजेंसी और ब्लड सेंटर की व्यवस्थाओं की समीक्षा

  • अस्पताल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर, इमरजेंसी वार्ड में मरीजों और परिजनों से की बातचीत
  • ब्लड सेंटर की व्यवस्था की समीक्षा, ‘प्रोजेक्ट जागृति’ की सराहना
  • स्वैच्छिक रक्तदान अभियान से जिले में मजबूत हो रही रक्त उपलब्धता व्यवस्था

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने देर रात सदर अस्पताल, चाईबासा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपायुक्त ने नव-निर्मित अस्पताल वार्ड का अवलोकन किया और वहां भर्ती मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वार्ड की साफ-सफाई, बेड व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर वातावरण और समुचित स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अस्पताल खुद बीमार! कुलडीहा का आयुष्मान आरोग्य मंदिर बदहाल, इलाज के लिए भटक रहे ग्रामीण

जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार कर रहा निगरानी

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने इमरजेंसी वार्ड का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। मरीजों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर उन्होंने सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए। मनीष कुमार ने अस्पताल प्रबंधन को वार्डों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पंखे और एयर कंडीशनर (एसी) लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर उपचार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों की सुविधा अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसे भी पढ़ें : Potka : ब्रेन मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच लोगों को याद आए फार्मासिस्ट अनिल कुमार टुडू

मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अस्पताल प्रशासन को मिले निर्देश

उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों की भी समीक्षा की। उन्होंने ब्लड सेंटर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट जागृति’ के तहत जिले में लगातार चलाए जा रहे स्वैच्छिक रक्तदान अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व की तुलना में ब्लड सेंटर की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जल्द ही आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस, सिविल सर्जन तथा अस्पताल प्रबंधन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग जारी रखने की बात कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!