
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जुगसलाई क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व एवं पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी के पास रेलवे पुल के नीचे छापेमारी कर गिरोह के सक्रिय सदस्य जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और हथियार खरीदने वाले मो. रेहान हुसैन (19) को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध हथियार कारोबार में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी पिस्टल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इस मामले में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने पुलिस को बताया कि अवैध हथियार सप्लायर एक देशी पिस्टल के बदले 40 हजार से 60 हजार रुपये तक वसूलते हैं। वह हथियार सप्लायरों और अपराधी प्रवृत्ति के खरीदारों के बीच बिचौलिए के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार मामला संगठित हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लायरों की पहचान के लिए छापेमारी और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।




