Jamshedpur : पहले पिलाई शराब, फिर चापड़ से की हत्या, कपाली पुलिस ने किया मो. तौसिफ उर्फ राज हत्याकांड का खुलासा
15 मई को किताडीह निवासी मो. तौसिफ की कपाली क्षेत्र में मिली थी लाश

सरायकेला-खरसावां : कपाली ओपी क्षेत्र में 15 मई को हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहमद जलील अंसारी के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया है।
मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवान पट्टी निवासी 21 वर्षीय मो. तौसीफ उर्फ राज के रूप में हुई थी। उसका शव कपाली के डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट के पास बरामद किया गया था। युवक के शरीर पर चापड़ से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश में की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पहले तौसीफ को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसने अपने साथी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर मौके पर बुलाया और चापड़ साथ लाने को कहा।
पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान ही आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से तौसीफ पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।मामले में शामिल दूसरा आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
वहीं गिरफ्तार आरोपी अहमद जलील अंसारी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।इधर, कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने के उद्देश्य से कपाली पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी का इलाके में पैदल मार्च भी कराया। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलीडीह हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पुरानी रंजिश में विकास सिंह की हुई हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार




