*चाईबासा ब्लड बैंक में रक्त जांच शुरू नहीं होने पर तहसीन आमीन ने उठाए सवाल*
*कहा- मशीनें और प्रशिक्षित तकनीशियन उपलब्ध होने के बावजूद व्यवस्था सुचारु क्यों नहीं*

चाईबासा: चाईबासा ब्लड बैंक में रक्त की जांच व्यवस्था अब तक पूरी तरह सुचारु नहीं होने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन आमीन ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक में जांच के लिए आवश्यक मशीनें आ चुकी हैं और तकनीशियनों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है, इसके बावजूद जांच का नियमित संचालन शुरू नहीं होना गंभीर सवाल खड़ा करता है।

तहसीन आमीन ने कहा कि चाईबासा में ब्लड की उपलब्धता को लेकर मरीजों और उनके परिजनों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। जरूरत के समय रक्त की तलाश में परिजनों को पश्चिम सिंहभूम जिले के किसी भी कोने से जमशेदपुर के एमजीएम के लिए भागदौड़ करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि जब तक ब्लड बैंक में रक्त की जांच नियमित रूप से शुरू नहीं होगी, तब तक पर्याप्त और सुरक्षित रक्त स्टॉक बनाए रखना मुश्किल होगा।
उन्होंने विगत दिनों रक्त की आवश्यकता के दौरान सामने आई दुखद घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं व्यवस्था को लेकर गंभीरता से सोचने का अवसर देती हैं। उनका कहना है कि किसी मरीज के इलाज के दौरान अंतिम समय में रक्त की व्यवस्था के लिए परिजनों को परेशान होना नहीं चाहिए। समय पर रक्त उपलब्ध होना मरीजों के उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
तहसीन आमीन ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब तकनीशियनों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और जांच से संबंधित मशीनें भी उपलब्ध हैं, तो फिर चाईबासा में रक्त जांच का सुचारु संचालन क्यों नहीं हो रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग और स्वास्थ्य प्रशासन से इस दिशा में जल्द पहल करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि रक्त की कमी की समस्या केवल किसी एक मरीज या परिवार की समस्या नहीं है, बल्कि यह पूरे जिले से जुड़ा विषय है। उन्होंने पत्रकारों से भी इस मामले को प्रमुखता से उठाने की अपील की। तहसीन आमीन ने कहा कि मीडिया इस व्यवस्था की ओर प्रशासन के साथ सरकार का ध्यान आकर्षित कर बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए चाईबासा ब्लड बैंक में रक्त जांच की व्यवस्था जल्द शुरू कराएंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में परेशानी कम हो।




