कोल्हान

समग्र शिक्षा और एमडीएम की जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित

सरायकेला। उपविकास आयुक्त की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में समग्र शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) से संबंधित सामाजिक अंकेक्षण की जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले के कुल 184 विद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण कराया गया था। इनमें समग्र शिक्षा के 184 विद्यालय शामिल हैं, जबकि इन्हीं में से 60 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना संचालित है। सामाजिक अंकेक्षण के बाद प्रखंड स्तर पर जनसुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी थी।

जिला स्तरीय जनसुनवाई में समग्र शिक्षा से संबंधित कुल 930 मुद्दों में से 78 मुद्दे प्रस्तुत किए गए। वहीं मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े कुल 165 मुद्दों में से 14 मुद्दों को जिला स्तर पर रखा गया। अधिकारियों के अनुसार शेष सभी मुद्दों का निष्पादन विद्यालय एवं प्रखंड स्तर पर पहले ही सफलतापूर्वक कर लिया गया है।

जनसुनवाई के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, सोशल ऑडिट यूनिट की टीम सहित संबंधित प्रखंडों के बीईईओ, बीपीओ, बीपीएम, अकाउंटेंट, ब्लॉक एमआईएस ऑपरेटर, एमडीएम ऑपरेटर तथा जिले के विभिन्न प्रभाग प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, सामने आए मामलों के समाधान तथा शिक्षा योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर आवश्यक चर्चा की गई। अधिकारियों ने सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से सामने आने वाले मुद्दों के समयबद्ध निष्पादन पर भी जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!