*कुमारडूंगी में दो पीसीसी सड़कों का सांसद जोबा माझी और विधायक निरल पुरती ने किया शिलान्यास*

चाईबासा: मझगांव विधानसभा क्षेत्र के कुमारडूंगी प्रखंड में बुधवार को विकास योजनाओं के तहत दो पीसीसी सड़कों का शिलान्यास किया गया। सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मझगांव विधायक निरल पुरती ने डीएमएफटी फंड से बनने वाली दोनों सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
पहली योजना के तहत बाईहातु पंचायत के जोजोहातु गांव में मुख्य पथ से पोनाई पर्व स्थल तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दूसरी योजना के अंतर्गत अंधारी पंचायत के गंडकीदा गांव में मध्य विद्यालय कुंकलपी के सामने से गोटसेरेंग जाने वाली सड़क का पीसीसी निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में पहुंचे सांसद और विधायक का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा से ही संभव है। सड़क बनने से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में आसानी होगी। सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी गांवों तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा।
विधायक निरल पुरती ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। मझगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दोनों सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य शशिभूषण पिंगुवा, कुमारडूंगी प्रखंड प्रमुख प्रियंका हेम्ब्रम, मुखिया मथुरा कोंडाकेल, सनातन हेम्ब्रम, गोकुल पोलाई, मझगांव झामुमो प्रखंड अध्यक्ष राजेश पिंगुवा, हाजी जहांगीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




