
चाईबासा: सावन के अंतिम सोमवार को मुर्गा महादेव जाने वाले शिवभक्तों और कांवरियों की सेवा के लिए चाईबासा बोल बम सेवा समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति की ओर से खाद्य सामग्री और अनाज से भरा सेवा वाहन रुंगटा मैरिज हाउस, चाईबासा से रवाना किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक पुरुषोत्तम शर्मा ने धार्मिक विधि-विधान से नारियल फोड़कर हरी झंडी दिखाते हुए वाहन को रवाना किया। समिति के अध्यक्ष मोहन रुंगटा और वरिष्ठ सदस्य अनिल खिरवाल ने बताया कि सेवा अभियान चरणबद्ध तरीके से चलेगा।
सेवा दल सबसे पहले झींकपानी में रात्रि सेवा देगा। इसके बाद हाटगम्हरिया और जगन्नाथपुर में शिविर लगाया जाएगा। रविवार को कोटगढ़ में कांवरियों और डाक बम के लिए विशेष सेवा के साथ भजन संध्या का आयोजन होगा।
समिति ने बताया कि इस बार डाक बम भी झींकपानी मार्ग से होकर यात्रा करेंगे। रवानगी के दौरान अशोक विजयवर्गीय, गौरी अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, कमल लाठ सहित समिति के सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




