कोल्हान

छठ घाट की स्वच्छता में जुटे कौवाली पुलिस के जवान, खुद संभाली सफाई की कमान

पोटका। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा की तैयारियों के बीच हल्दीपोखर स्थित प्रसिद्ध छठ घाट पर कौवाली थाना पुलिस के जवान व पदाधिकारियों ने स्वच्छता की अनूठी मिसाल पेश की। थाना के सब इंस्पेक्टर सहदेव सिंह तथा पुलिस कर्मी खुद हाथों में काटारी और झाड़ू लेकर घाट की सफाई करते नजर आए। जवानों ने घाट के आसपास उगी झाड़ियों को काटा तथा जमा गंदगी, प्लास्टिक और अन्य कचरे को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

छठ महापर्व के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस जवानों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सफाई अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों को खुद सफाई करते देख स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनकी पहल की जमकर सराहना की।

स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस प्रशासन की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। जब सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले जवान खुद स्वच्छता अभियान में आगे आते हैं, तो इससे आम लोगों को भी अपने आसपास साफ-सफाई रखने की प्रेरणा मिलती है।

कौवाली पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की तैयारी केवल व्यवस्था बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच पुलिस जवानों का यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा और प्रशंसा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!