कोल्हान

*हाटगम्हरिया में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दो गंभीर*

*ट्रेलर और कार की आमने-सामने टक्कर, छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहा था परिवार; घायलों को टीएमएच रेफर किया गया*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के समीप मंगलवार सुबह लगभग 6 से 6:30 बजे के बीच ट्रेलर और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव थाना क्षेत्र के राजनांद गांव निवासी अमृत कौर (45 वर्ष), अमनदीप कौर (15 वर्ष) और गुर सिमरन कौर (11 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में हरमन कौर (6 वर्ष) और प्रदीप सिंह (57 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच, जमशेदपुर भेजा गया है।

**छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहा था परिवार**

जानकारी के अनुसार, परिवार कार से छत्तीसगढ़ से जमशेदपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर में उनके कुछ रिश्तेदार रहते हैं। परिवार के किसी सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेलवे फाटक खुलने के बाद ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। आशंका जताई जा रही है कि इसी क्रम में कार विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर फंस गए थे। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

**थाना प्रभारी ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला**

दुर्घटना की सूचना मिलने पर हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हाटगम्हरिया पहुंचाया। इसके बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!