कोल्हान

जोजोबेड़ा में पेयजल संकट को लेकर सरयू राय से मिले स्थानीय निवासी, जल्द जलापूर्ति की मांग

जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के जोजोबेड़ा इलाके में पेयजल संकट को लेकर स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात की। बिष्टुपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे दर्जनभर से अधिक लोगों ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी पानी की समस्या से उन्हें अवगत कराया और जल्द से जल्द नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।

स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक सरयू राय ने तत्काल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और जुस्को के महाप्रबंधक संजीव झा से फोन पर बातचीत की। उन्होंने दोनों अधिकारियों से जोजोबेड़ा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए लोगों को जल्द पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

गौरतलब है कि सरयू राय जब जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक थे, उस दौरान उन्होंने जोजोबेड़ा इलाके में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए जुस्को पर दबाव बनाकर पाइपलाइन बिछवाने की पहल की थी। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों को पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए आवेदन फॉर्म भी वितरित करवाए गए थे। इसके बाद कई लोगों ने आवेदन जमा किए और कुछ घरों में पानी का कनेक्शन भी लगाया गया।

हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभी भी अधिकांश घरों में पानी का कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है। वहीं, जिन घरों में कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया है, वहां भी नियमित रूप से पानी नहीं आ रहा है। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद पाइपलाइन और जलापूर्ति से जुड़ा काम अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया। इसके कारण जोजोबेड़ा बस्ती में पेयजल संकट लगातार बना हुआ है और लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या को लेकर जोजोबेड़ा से पहुंचे दीपक कुमार, गीता देवी, मनोज राम, उर्मिला देवी, छोटेलाल कामत, सूरज कुमार, पवन सिंह, सविता देवी, रोहित कामत, सागर सिंह, रजनीश सिंह, कमलेश सिंह, दीपक शर्मा और महादेव कामत ने विधायक सरयू राय को मांग पत्र सौंपा।

लोगों ने उनसे आग्रह किया कि जिस तरह उन्होंने पहले इलाके में पाइपलाइन बिछवाने की पहल की थी, उसी तरह अब अधूरी जलापूर्ति व्यवस्था को पूरा कराकर लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

इस पर सरयू राय ने अधिकारियों से बातचीत कर जल्द पेयजलापूर्ति बहाल कराने का आग्रह किया। अब स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन और जुस्को प्रबंधन इस समस्या पर शीघ्र कार्रवाई करेंगे, ताकि जोजोबेड़ा के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!