कुमारडूंगी सड़क हादसे में घायल युवक ने तोड़ा दम, पत्नी और दो वर्षीय बेटे पर टूटा दुखों का पहाड़

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडूँगी थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बैदा गांव निवासी 25 वर्षीय अर्जून तमसोय के रूप में हुई है। वह विवाहित था और अपने पीछे पत्नी तथा दो वर्षीय पुत्र को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे अर्जून तमसोय अपनी एसपी शाइन मोटरसाइकिल से कुमारडूँगी बाजार खरीदारी करने आया था। बाजार से वापस अपने गांव लौटने के दौरान कुमारडूँगी बाजार स्थित भाजपा कार्यालय के पास उसकी बाइक की एक पिकअप वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुमारडूँगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अर्जून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुमारडूँगी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।
परिजन उसी रात करीब नौ बजे अर्जून को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू हुआ। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
अर्जून तमसोय की असामयिक मौत से बैदा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अर्जून मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विशेष रूप से उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटे के भविष्य को लेकर ग्रामीण चिंता जता रहे हैं। पुलिस सड़क दुर्घटना के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




