*जिला जज ने एलएडीसी की मासिक समीक्षा बैठक कर दिए निर्देश*

चाईबासा: झालसा रांची एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के निर्देश पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला जज के कार्यालय कक्ष में हुई। बैठक में एलएडीसी के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला जज ने लीगल एड डिफेंस काउंसिल की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और अब तक की गतिविधियों का मूल्यांकन किया। उन्होंने मामलों में विधिक सहायता उपलब्ध कराने और जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने से जुड़े कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने एलएडीसी के कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संचालित करने तथा जरूरतमंद लोगों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न कार्यों की प्रगति और आगे की कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में एलएडीसी के चीफ सुरेंद्र प्रसाद और सहायक डीएलएसए रत्नेश कुमार उपस्थित थे। दोनों ने एलएडीसी के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और मामलों से संबंधित जानकारी बैठक में रखी।
उपरोक्त जानकारी डीएलएसए चाईबासा के सचिव रवि चौधरी ने दी।




