कोल्हान

*पद्मावती जैन विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित* 

चाईबासा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से सोमवार को अमला टोला स्थित पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए मौहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में हुआ।

शिविर में पीएलवी जया कुमारी रवि ने विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम और बाल उत्पीड़न के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 की जानकारी देते हुए विषम परिस्थिति में इन नंबरों पर सहायता लेने की बात कही।

पीएलवी हेमराज निषाद ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्यप्रणाली और संरचना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को निशुल्क विधिक सहायता कैसे मिल सकती है। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक अदालत, मासिक लोक अदालत और स्थायी लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई।

शिविर में साइबर अपराध और साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। बताया गया कि बैंक कभी फोन कर ओटीपी नहीं मांगता है। किसी अनजान व्यक्ति को फोन पर ओटीपी नहीं बताने की सलाह दी गई। साइबर फ्रॉड होने पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को स्पॉन्सरशिप योजना और फोस्टर केयर योजना के बारे में भी जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में बताया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सुरेश आचार्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!