गांधी जयंती पर चाईबासा के गांधी मैदान में महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, स्वच्छता का दिया संदेश
मंत्री दीपक बिरुवा ने किया प्रतिमा का अनावरण, सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट और स्वच्छता प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चाईबासा: गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को चाईबासा के गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नव अधिष्ठापित आदमकद प्रतिमा का अनावरण राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा ने किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सदर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतिमा अनावरण के बाद मंत्री दीपक बिरुवा सहित उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक समरसता के संदेश को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति को याद किया गया। मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की बुनियाद माना था तथा स्वच्छता केवल किसी विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी है। उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना भी है और बच्चों को स्वच्छता के संदेश का प्रभावी वाहक बनाकर परिवार एवं समाज में स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा दिया जा सकता है। इस दौरान स्वच्छता के महत्व पर आधारित सृष्टि चाईबासा की ओर से प्रकाश कुमार गुप्ता द्वारा लिखित एवं निर्देशित नुक्कड़ नाटक “अपनी सुरक्षा अपने हाथ” प्रस्तुत किया गया। स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, डिजिटल घड़ी सहित अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया और उन्हें अपने विद्यालय, घर एवं समाज में स्वच्छता का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। चाईबासा नगर परिषद के सफाई कर्मियों के बीच सुरक्षा किट का वितरण भी किया गया तथा शहर को स्वच्छ रखने में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ लेकर घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इससे पहले नगर परिषद कार्यालय चाईबासा से श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई, जो सेंट्रल बैंक, जेल रोड और बस स्टैंड रोड होते हुए गांधी मैदान तक चला। अभियान में नगर परिषद के सफाई कर्मियों के साथ सीआरपीएफ 174 बटालियन के जवान, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षद एवं शहर के गणमान्य लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में योगदान दिया।



