गुवा में ड्राइवरों के रिटेंचमेंट भुगतान की मांग, सेल प्रबंधन को आंदोलन की चेतावनी
झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक में ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा, वर्षों से बकाया राशि जल्द भुगतान कराने की मांग
गुवा: सेल के अधीन कार्यरत ठेका श्रमिकों और ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक सोमवार देर शाम गुवा बाजार स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने की। इस दौरान ड्राइवरों के रिटेंचमेंट की बकाया राशि समेत श्रमिकों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
वर्षों से बकाया है रिटेंचमेंट का पैसा
महामंत्री हेमराज सोनार ने कहा कि सेल के अधीन कार्य करने वाले ठेकेदारों द्वारा ड्राइवरों का रिटेंचमेंट (कार्य अवधि समाप्त होने के बाद देय राशि) काफी वर्षों से रोका गया है। इससे संबंधित ड्राइवरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन को मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने संज्ञान में लेना चाहिए। साथ ही संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए ड्राइवरों की बकाया राशि का अविलंब भुगतान सुनिश्चित कराना चाहिए।
राशि लंबित रहने से श्रमिकों में असंतोष
हेमराज सोनार ने आरोप लगाया कि लंबे समय से राशि लंबित रहने के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है। इससे श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है। यूनियन ने सेल प्रबंधन से संबंधित ठेकेदारों से पूरी जानकारी लेकर ड्राइवरों की बकाया रिटेंचमेंट राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
पहल नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री ने चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन ने इस मामले में जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो यूनियन आंदोलन का रुख अपनाने के लिए बाध्य होगी।
बैठक में यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।




