Jamshedpurचाईबासाझारखंडपूर्वी सिंहभूमराजनीतिरेलवेरेलवे समाचार

टाटानगर में 383.78 करोड़ की लागत से बनेगा वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो, सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयास से मिली मंजूरी

रेलवे बोर्ड ने भेजा स्वीकृति पत्र, सांसद ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री समेत रेलवे अधिकारियों का जताया आभार; रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद

जमशेदपुर: सांसद बिद्युत बरण महतो के प्रयास से टाटानगर में वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। रेलवे बोर्ड की ओर से सांसद को भेजे गए पत्र में 383.78 करोड़ रुपये की लागत से वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण की स्वीकृति की जानकारी दी गई है। रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट सुमित कुमार द्वारा हस्ताक्षरित पत्र सांसद को प्राप्त हुआ है।

लंबे समय से डिपो निर्माण के लिए प्रयासरत थे सांसद

बताया गया कि सांसद बिद्युत बरण महतो टाटानगर में वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण को लेकर लंबे समय से प्रयासरत थे। हाल में संपन्न हुए संसद सत्र के दौरान उन्होंने इस मुद्दे को लेकर रेलवे बोर्ड के निदेशक और वरीय अधिकारियों के साथ करीब चार बार मुलाकात की थी। इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्री से भी मुलाकात कर डिपो निर्माण की मांग रखी थी।

सांसद ने टाटानगर में चार अतिरिक्त रेलवे प्लेटफॉर्म के निर्माण का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखा है।

रेलवे से जुड़ी मांगों को पूरा कराने का प्रयास: महतो

स्वीकृति पत्र प्राप्त होने के बाद सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि रेलवे से संबंधित लगभग सभी प्रकार की मांगों को पूरा कराने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रेलवे से जुड़े अन्य विषयों को भी प्राथमिकता के साथ रेल मंत्रालय से स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

सांसद ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक और चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो के निर्माण से टाटानगर रेलवे क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी। उनके अनुसार, इससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और विशेष रूप से चक्रधरपुर रेल मंडल के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!