कोल्हान

चांडिल थाना गेट के सामने दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार फुलचांद महतो की मौत; अव्यवस्थित पार्किंग पर उठे सवाल

चांडिल। चांडिल थाना गेट के समीप चांडिल-पुरुलिया पुराने मार्ग पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रावताड़ा निवासी फुलचांद महतो उर्फ डोमन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर चिंता जताई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फुलचांद महतो चांडिल बस स्टैंड से बाइक पर सवार होकर अपने घर रावताड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान एक सेप्टिक टैंकर वाहन (ट्रैक्टर) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वह बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद चांडिल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांडिल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

टेंट लगाने का काम कर परिवार चलाते थे डोमन

फुलचांद महतो टेंट लगाने का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से रावताड़ा गांव में भी शोक की लहर है।

अव्यवस्थित पार्किंग पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चांडिल बाजार और डैम रोड पर सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े रहने के कारण यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि अव्यवस्थित पार्किंग भी हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल चांडिल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और व्यवस्थित पार्किंग की आवश्यकता को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!