Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
चाईबासापश्चिमी सिंहभूम

चाईबासा में सड़क सुरक्षा, अवैध खनन और विधि व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, डीसी मनीष कुमार और एसपी अमित रेनू ने दिए निर्देश

सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के साथ ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय लागू करने, अवैध खनन पर निगरानी बढ़ाने और पर्व-त्योहारों में संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने का निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति, जिला हाईवे सुरक्षा टास्क फोर्स, जिला खनन टास्क फोर्स एवं विधि व्यवस्था से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और अभियंताओं ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों एवं प्रगति की जानकारी दी, जिसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सितंबर माह में जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों, दुर्घटना स्थलों और उनके संभावित कारणों की समीक्षा की गई तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने जिले के राष्ट्रीय उच्च पथ, राजकीय पथ और ग्रामीण सड़कों पर सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड एवं दिशा सूचक लगाने को कहा। नशे में वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने, प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहन जांच बढ़ाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया। सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों को हेलमेट, सीट बेल्ट, यातायात नियमों और सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने की जानकारी दी जा सके। बारिश के कारण सड़कों के किनारे जमा गाद, मिट्टी और झाड़ियों की सफाई के लिए आरसीडी, आरईओ एवं राष्ट्रीय उच्च पथ के अभियंताओं को नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला खनन टास्क फोर्स के कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि सितंबर माह में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को जब्त किया गया तथा 3 लाख 37 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। बालू के अवैध खनन और परिवहन वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा संयुक्त एवं औचक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन में शामिल व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि जिले के शेष पांच बालू घाटों की दोबारा नीलामी के लिए निविदा प्रकाशित की गई है। संचालित एवं बंद खनन क्षेत्रों तथा पत्थर क्रशर इकाइयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई और खनन गतिविधियों में नियमों एवं पर्यावरणीय मानकों के पालन की नियमित निगरानी का निर्देश दिया गया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए विधि व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त और एसपी ने थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों, बीडीओ, एसडीपीओ एवं एसडीओ को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा। नियमित पुलिस गश्ती, क्षेत्र भ्रमण और आवश्यकता के अनुसार सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समुदाय के प्रमुख लोगों से नियमित संवाद स्थापित करने तथा किसी भी विवाद या अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और विधि व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!