चाईबासा में बीमार और असहाय अर्जुन दास को डालसा ने सदर अस्पताल में कराया भर्ती, शुरू हुआ इलाज
15 दिनों से बीमारी से जूझ रहे अर्जुन दास कैंसर से पीड़ित, डालसा की पहल पर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाकर कराया गया भर्ती

चाईबासा: “न्याय सबके लिए” के उद्देश्य के तहत डालसा की पहल पर 15 दिनों से बीमार, लाचार और असहाय अर्जुन दास को बुधवार, 1 अक्टूबर 2026 को चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। झींकपानी थाना क्षेत्र के ताकता बाजार, जोड़ा पोखर निवासी अर्जुन दास कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से बिस्तर पर रहने के कारण उन्हें बेड सॉल्व की समस्या भी हो गई थी। जानकारी के अनुसार, जोड़ा पोखर निवासी एक समाजसेवी ने दूरभाष के माध्यम से डालसा को अर्जुन दास की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी, जिसके बाद प्राधिकार के सचिव को मामले से अवगत कराया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा मोहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में अर्जुन दास को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने की व्यवस्था की गई। डालसा की पहल पर सदर अस्पताल चाईबासा से एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल लाया गया और भर्ती कराया गया। अस्पताल में स्वास्थ्य जांच एवं भर्ती की प्रक्रिया में पीएलबी रेणु देवी एवं पीएलबी सोमा बोस ने सहयोग किया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद अर्जुन दास का चिकित्सकीय उपचार शुरू कर दिया गया।




