कुमारडुंगी के अंधारी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कराई जांच
पंचायत भवन अंधारी में चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच, जरूरतमंदों को सलाह के अनुसार निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी प्रखंड अंतर्गत पंचायत भवन अंधारी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच करते हुए आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी और जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर चिकित्सकों से जानकारी भी ली। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा मुख्य रूप से शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत की और स्वास्थ्य जांच की जानकारी ली। कार्यक्रम में भूषण पाठ पिंगुवा, नारायण हेम्ब्रम, पान्डु तिरिया, सुकलाल तिरिया, सरनाथ दास, कृष्णा गोप, उमेश मिश्रा, रमेश बिरुवा, हेमंत नायक और शुक्रमुनी हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसी क्रम में अंधारी पंचायत भवन में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नजदीक ही स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध हो सके।




