
चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: पश्चिमी सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान और एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रायोजन में आयोजित 28वीं एसआर रूंगटा मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का समापन समारोह संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार मेहनत और अभ्यास के दम पर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। खेल के क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बेहतर करियर की संभावनाएं भी हैं।
डीआईजी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए नियमित रूप से ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रदर्शन में सुधार करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विजेता, उपविजेता और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में सफलता नहीं पाने वाले खिलाड़ियों से आगे और मेहनत कर दोबारा प्रयास करने की अपील की।
उन्होंने जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी सहित सभी पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। डीआईजी ने कहा कि एसोसिएशन के प्रयासों से जिले के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पश्चिमी सिंहभूम का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने एसआर रूंगटा ग्रुप को लगातार 28 वर्षों से प्रतियोगिता को प्रायोजित करने के लिए भी बधाई दी।
एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी ने एसआर रूंगटा ग्रुप का आभार जताते हुए कहा कि ग्रुप पिछले 28 वर्षों से लगातार इस प्रतियोगिता का प्रायोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की कई प्रतिभाएं सामने आई हैं और कई खिलाड़ी राज्य स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने नंदलाल रूंगटा और मुकुंद रूंगटा के खेल के प्रति लगाव तथा बैडमिंटन को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
अशोक जोशी ने मैच रेफरी, अंपायर, जिला प्रशासन, मधुसूदन विद्यालय के निदेशक बलराज कुमार हिन्दवार, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 17 अलग-अलग वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें कुल 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें 42 बालिका एवं महिला तथा 108 बालक एवं पुरुष खिलाड़ी शामिल रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-13 बालक एकल में दिलशाद आलम विजेता और हर्ष रंजन कोड़ाह उपविजेता रहे। अंडर-13 बालिका एकल में मंजिता बिरुवा ने खिताब जीता, जबकि अनुष्ठा बिरुवा उपविजेता रहीं। अंडर-15 बालक एकल में अमन देवगम विजेता और सुजल बागे उपविजेता रहे। अंडर-15 बालिका एकल में मंजीता बिरूवा ने जीत दर्ज की।
अंडर-17 बालक एकल में अमन देवगम विजेता और सुजल बागे उपविजेता रहे। बालिका एकल में अमृता कुजूर विजेता तथा सुभानी बारी उपविजेता रहीं। अंडर-19 बालक एकल में हर्षदीप बिरुआ ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सूरज प्रकाश तामसोय दूसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 बालिका एकल में अमृता कुजूर विजेता और सुभानी बारी उपविजेता रहीं।
सीनियर वर्ग में पुरुष एकल का खिताब बिमन्त सामड ने जीता, जबकि आकाश प्रसाद उपविजेता रहे। महिला एकल में शैरोन ईवेंजलीन कुजूर विजेता और सविता बिरुली उपविजेता रहीं। पुरुष युगल में बिमन्त सामड और पीयूष कुमार साव की जोड़ी विजेता बनी, जबकि आकाश प्रसाद और संजय हेम्ब्रम उपविजेता रहे। महिला युगल में शैरोन ईवेंजलीन कुजूर और माही कच्छप ने जीत दर्ज की।
पुरस्कार वितरण समारोह में डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा, मधुसूदन विद्यालय के निदेशक बलराज कुमार हिन्दवार, शिव रतन जोशी, अनिल दोदराजका, पी सेनगुप्ता, विनय कुमार निषाद, आनंद विश्वकर्मा, सोहनलाल मूंधड़ा, वरिष्ठ खिलाड़ी जितेंद्र बानरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मैच रेफरी, अंपायर, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और अभिभावक भी उपस्थित रहे। मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जगदीश जामुदा ने किया।




