Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासाशिक्षा जगत

चाईबासा में कोल्हान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की मांग, छात्र संघ ने दी चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

नियमित कक्षाएं, समय पर शैक्षणिक सत्र और छात्रों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय छात्र संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई और मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी। छात्र नेताओं ने कहा कि आदिवासी बहुल अनुसूचित क्षेत्र में स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय हजारों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन वर्तमान में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और महाविद्यालयों में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं और शैक्षणिक सत्र भी करीब एक वर्ष पीछे चल रहा है, जिससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और रोजगार संबंधी अवसरों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्र नेताओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय धीरे-धीरे केवल नामांकन और परीक्षा आयोजित करने तक सीमित होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक बैठक निर्धारित नहीं की गई है। छात्र नेताओं ने कहा कि 18 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्र आंदोलन किया गया था, लेकिन आंदोलन के करीब चार माह बाद भी कुलपति के साथ छात्रों की समस्याओं पर गंभीर और निर्णायक बैठक नहीं हो सकी है। छात्र नेताओं के अनुसार उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से बातचीत के जरिए समाधान के लिए पर्याप्त समय दिया है और अब यदि विश्वविद्यालय तथा जिला प्रशासन की ओर से जल्द सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो छात्र संगठन चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य विश्वविद्यालय को बंद करना या विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित करना नहीं है, बल्कि नियमित कक्षाएं, समय पर शैक्षणिक सत्र, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। छात्र संघ ने विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन से तत्काल बैठक बुलाकर समस्याओं पर ठोस एवं समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की। प्रेस वार्ता में पीजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष सनातन पिंगुआ, टाटा कॉलेज के पूर्व सचिव पीपुन बारीक, विकास तमसोय, आशीष गागराई, सौरिश पिंगुआ, कृष्णा हेम्ब्रम, समित कालिंदी, अभिषेक कुंकल, बैजू हेम्ब्रम और अर्जुन गोप सहित अन्य छात्र उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!