
जादूगोड़ा: सुंदरनगर ब्रह्मर्षि कमिटी को जादूगोड़ा ब्रह्मर्षि समाज में विलय करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में जादूगोड़ा ब्रह्मर्षि महिला समिति की अध्यक्ष नूतन राय ने जमशेदपुर स्थित केंद्रीय महिला कमिटी को पत्र लिखकर सुंदरनगर ब्रह्मर्षि कमिटी को रद्द करने की मांग की है।
पत्र में नूतन राय ने कहा है कि पूर्व में जादूगोड़ा, नरवा पहाड़, सुंदरनगर और तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट क्षेत्र में रहने वाले ब्रह्मर्षि समाज के लोगों की एक संयुक्त कमिटी हुआ करती थी। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने निजी हितों के कारण समाज को विभाजित करने का प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप सुंदरनगर में अलग कमिटी का गठन हुआ।
नूतन राय के अनुसार, अलग-अलग कमिटी बनने से समाज की एकजुटता कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 40 वर्षों से जादूगोड़ा, नरवा पहाड़, सुंदरनगर और तुरामडीह प्रोजेक्ट क्षेत्र में रहने वाले ब्रह्मर्षि समाज के महिला-पुरुष आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते आए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी से सेवानिवृत्ति के बाद क्षेत्र में ब्रह्मर्षि समाज की संख्या लगातार घट रही है। ऐसे में समाज को अलग-अलग कमिटियों में बांटने के बजाय एकजुट रखना जरूरी है। पत्र में दावा किया गया है कि करीब 95 प्रतिशत महिलाएं सुंदरनगर की अलग कमिटी के पक्ष में नहीं हैं।
नूतन राय ने केंद्रीय कमिटी से पूर्व की तरह संयुक्त व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया है, ताकि सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सकें और ब्रह्मर्षि समाज संगठित व मजबूत बना रहे। उन्होंने केंद्रीय कमिटी को सर्वोपरि मानते हुए पूरे मामले पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की है।




