Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : मानगो पुल के गड्ढे को शीघ्र भरवाने का निर्देश, सरयू राय ने जताई चिंता

पुल के बीच बने गड्ढे को लेकर विधायक ने अधिकारियों से की तत्काल कार्रवाई की मांग

जमशेदपुर : मानगो पुल के बीचों-बीच बने बड़े गड्ढे को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय तथा टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) के महाप्रबंधक आर.के. सिंह को गड्ढे की तस्वीर भेजकर इसे तत्काल भरवाने और पुल-पथ की मरम्मत कराने का आग्रह किया है। सरयू राय ने कहा कि यह गड्ढा वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकता है और यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभागों से प्राथमिकता के आधार पर इस समस्या का समाधान करने की मांग की।

इसे भी पढ़ें : Kharagpur : रेलवे परिसर में अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई तेज, पांच अवैध ढांचे हटाए गए

विभाग और टीएसयूआईएसएल ने शीघ्र मरम्मत का दिया आश्वासन

सरयू राय के अनुरोध पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय ने बताया कि मानगो पुल की देखरेख का दायित्व जुस्को/टीएसयूआईएसएल के पास है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि संबंधित एजेंसी की ओर से आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है तो विभाग स्वयं गड्ढे को भरने की व्यवस्था करेगा। वहीं टीएसयूआईएसएल के महाप्रबंधक आर.के. सिंह ने विधायक को आश्वस्त किया कि गड्ढे को भरने के साथ-साथ पुल-पथ की आवश्यक मरम्मत भी जल्द कराई जाएगी। सरयू राय ने कहा कि उन्हें दोनों अधिकारियों के आश्वासन पर भरोसा है, लेकिन गड्ढा भरने जैसे कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह कुछ ही मिनटों में पूरा किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन 2026 के लिए एनआईटी जमशेदपुर में आंतरिक हैकाथॉन का सफल समापन

पूर्व हादसे का हवाला देकर सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

विधायक सरयू राय ने कहा कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई इसलिए भी जरूरी है क्योंकि करीब 20-25 दिन पहले मानगो छोटा पुल पर इसी तरह का एक गड्ढा एक युवक की जान ले चुका है। बारिश का पानी भर जाने के कारण एक मोटरसाइकिल सवार युवक गड्ढे की गहराई का अनुमान नहीं लगा पाया और असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। पीछे से आ रही कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई थी। सरयू राय ने बताया कि वे मृतक के परिजनों से भी मिले थे और परिवार की स्थिति बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि वर्तमान गड्ढे को समय रहते भरना आवश्यक है ताकि किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!