*ग्रामसभा की सहमति के बिना मंगला हाट का हस्तांतरण गलत : बिर सिंह बिरुली*

चाईबासा: चाईबासा नगर परिषद की ओर से ऐतिहासिक मंगला हाट के हस्तांतरण को लेकर जारी आम सूचना पर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति संगठनों के अखिल भारतीय परिसंघ, पश्चिमी सिंहभूम ने विरोध जताया है। परिसंघ के जिला सचिव बिर सिंह बिरुली ने आरोप लगाया कि राजस्व ग्राम डिलियामार्चा की ग्रामसभा का उल्लंघन कर कोल्हान के ऐतिहासिक मंगला हाट को चाईबासा नगर परिषद के अधीन हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
बिर सिंह बिरुली ने कहा कि मंगला हाट के हस्तांतरण से पहले नगर परिषद ने राज्यपाल से सहमति या अनुमति प्राप्त नहीं की है। राज्यपाल की ओर से भी इस हस्तांतरण के लिए कोई विशेष अनुमति या स्वीकृति नहीं दी गई है। उन्होंने नगर परिषद के इस फैसले को अवैधानिक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिला पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाला अनुसूचित क्षेत्र है, जहां पेसा कानून प्रभावी है। ऐसे में यहां की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था और मानकी-मुंडा व्यवस्था को नजरअंदाज कर कोई निर्णय लेना उचित नहीं है। मंगला हाट केवल बाजार नहीं, बल्कि कोल्हान क्षेत्र की ऐतिहासिक और पारंपरिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है।
बिरुली ने कहा कि नगर परिषद के इस फैसले के खिलाफ परिसंघ आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा। साथ ही राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग और ट्राइबल एडवाइजरी कमेटी के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा। उन्होंने दोनों संस्थाओं से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग करने की बात कही।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 243 जेडसी (1) का हवाला देते हुए कहा कि संविधान के भाग नौ-ए में नगरपालिकाओं से संबंधित प्रावधान अनुसूचित क्षेत्रों में स्वत: लागू नहीं होते हैं। इसके अलावा पांचवीं अनुसूची के तहत राज्यपाल को विशेष अधिकार प्राप्त हैं, जिनके माध्यम से वे किसी कानून को अनुसूचित क्षेत्रों में संशोधन के साथ लागू करने या उसके लागू होने पर रोक लगाने का निर्णय ले सकते हैं।
उन्होंने मांग की कि मंगला हाट के हस्तांतरण के फैसले पर पुनर्विचार किया जाए और ग्रामसभा की परंपरागत व्यवस्था तथा अधिकारों का सम्मान किया जाए।




