कोल्हान

*श्री शंकराचार्य मोटर्स के खिलाफ साजिश का आरोप, प्रबंधन ने प्रेस वार्ता कर रखा अपना पक्ष*

चाईबासा: शंकराचार्य मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को लेकर शुक्रवार को गीतिलपी स्थित कंपनी कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में डीलर प्रिंसिपल इंद्रजीत मलिक और एचआर अनुष्का पाल ने कंपनी का पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि संस्थान के खिलाफ कुछ प्रतिद्वंद्वी लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से साजिश रची जा रही है। प्रबंधन ने 27 अक्टूबर को झारखंड बचाओ जन संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माधव चंद्र कुंकल के नेतृत्व में कंपनी के प्रतिष्ठान के गेट के सामने किए गए धरना-प्रदर्शन और पंपलेट वितरण को गलत बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।

प्रेस वार्ता में इंद्रजीत मलिक ने बताया कि शंकराचार्य मोटर्स पिछले आठ वर्षों से चाईबासा में टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल के अधिकृत डीलर के रूप में काम कर रही है। इस दौरान कंपनी ने 1200 से अधिक ग्राहकों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। वर्तमान में सेल्स, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स सहित विभिन्न शाखाओं में लगभग 50 परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में कंपनी के पूर्व सेल्स मैनेजर बिदेश रॉय और सेल्स एक्जीक्यूटिव अभिषेक सिंह पर अनाधिकृत रूप से राशि वसूलने और गबन करने का मामला सामने आया। प्रबंधन के अनुसार, आंतरिक जांच समिति के सामने दोनों ने लिखित रूप से गबन की बात स्वीकार की थी।

प्रबंधन ने बताया कि ग्राहकों से डीलरशिप के नाम पर वसूली गई 24 लाख 20 हजार 505 रुपये की राशि आरोपियों ने कंपनी में जमा नहीं की। ग्राहकों के हित को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने स्वयं इस राशि का भार उठाया और संबंधित ग्राहकों को वाहन उपलब्ध कराने के साथ उनके रजिस्ट्रेशन और लोन की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके अलावा बाजार के कुछ ग्राहकों से बिना आधिकारिक रसीद के नकद वसूली किए जाने का भी आरोप लगाया गया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की वसूली का कंपनी से कोई संबंध नहीं है।

प्रबंधन के अनुसार, आरोपियों ने गबन की राशि लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में दोनों चाईबासा से फरार हो गए। इसके बाद कंपनी के अकाउंटेंट महेश कुमार चौहान ने 13 अक्टूबर 2026 को मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(4), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

प्रेस वार्ता में प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

*ग्राहकों से सतर्क रहने की अपील*

प्रबंधन ने ग्राहकों से अपील की कि वे किसी भी व्यक्ति को शोरूम परिसर के बाहर नकद भुगतान नहीं करें। भुगतान केवल कंपनी के कैश काउंटर पर करें और कंप्यूटर से जारी मुहर एवं हस्ताक्षर वाली रसीद जरूर लें। ऑनलाइन भुगतान करते समय क्यूआर कोड पर शंकराचार्य मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड का नाम जांचने के बाद ही राशि भेजें। किसी व्यक्ति के निजी क्यूआर कोड पर भुगतान नहीं करें।

प्रबंधन ने बताया कि ग्राहकों को सतर्क करने के लिए 9 अक्टूबर 2026 को दैनिक समाचार पत्रों में विज्ञापन भी प्रकाशित कराया गया था। किसी भी तरह की शंका होने पर ग्राहकों को कंपनी के अकाउंट ऑफिस या शोरूम में सीधे संपर्क करने की सलाह दी गई है। कंपनी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी जानकारी की पुष्टि सीधे संस्थान से करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!