लूगू मुर्मू जनजातीय आवासीय विद्यालय के छठे वार्षिक उत्सव में सांस्कृतिक नृत्य-नाटक ने मचाया धमाल

जादूगोड़ा। पोटका प्रखंड क्षेत्र के जादूगोड़ा स्थित भाटीन मुख्य सड़क किनारे लूगू मुर्मू जनजातीय आवासीय विद्यालय का छठा वार्षिक उत्सव मंगलवार को धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. स्वाती सोरेन, विद्यालय के संस्थापक रामो सोरेन, अध्यक्ष सुकुरमनी मुर्मू, लोकसभा में ओलचिकी के अनुवादक संजीव कुमार मुर्मू एवं सुरजीत सोरेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने विद्यालय के संस्थापक रामो सोरेन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से विद्यालय में 68 अनाथ बच्चों समेत कुल 260 बच्चों को शिक्षा देने की जिम्मेदारी निभाई जा रही है। उन्होंने झारखंड सरकार से वित्त रहित विद्यालय को अनुदान उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके।
राहुल मुर्मू ने क्षेत्र के कॉरपोरेट सेक्टर, सामाजिक संगठनों और टाटा फाउंडेशन से भी विद्यालय को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के इस मंदिर की लौ बुझने नहीं दी जाएगी और वे अपने स्तर से हरसंभव सहयोग करेंगे।
विशिष्ट अतिथि डॉ. स्वाती सोरेन ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने वाले बच्चे निश्चित रूप से अपने मुकाम तक पहुंचेंगे। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय के बच्चों का मार्गदर्शन करने की बात कही।
विद्यालय के संस्थापक रामो सोरेन ने विद्यालय के इतिहास और संघर्ष की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय से पढ़ाई पूरी करने वाले बच्चों की प्लेसमेंट से जुड़ी जानकारी भी साझा की। इससे पूर्व मैट्रिक टॉपर सिंगु हांसदा, अर्जुन टुडू, सुकुरमनी हांसदा समेत अन्य प्रतिभागियों को राहुल मुर्मू और डॉ. स्वाती सोरेन ने सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यक्ष सुकुरमनी मुर्मू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में फूलों मुर्मू, किशुन मुर्मू, रेणुका टुडू, लक्ष्मी सोरेन, राजेश्वरी उरांव, रीना माझी, जितराई सोरेन, दामु नायक, आशा बेसरा और सुरजीत सोरेन समेत अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।




