कोल्हान

गुवा में शॉर्ट सर्किट से दो श्रमिकों के घरों में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर खाक

चाईबासा/गुवा: पश्चिम सिंहभूम जिले के गुवा में बुधवार शाम शॉर्ट सर्किट के कारण सेल, गुवा प्रबंधन के आवासीय परिसर में दो श्रमिकों के घरों में भीषण आग लग गई। हादसा नानक नगर बाजार और बस स्टैंड के समीप मुख्य सड़क किनारे स्थित आवासीय परिसर में हुआ। आग की चपेट में आने से श्रमिक दीपक लोहार और कालेश्वर हाजरा के घरों में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे अचानक एक घर में आग लगी और देखते ही देखते आग की लपटें दूसरे आवास तक भी पहुंच गईं। आग की भयावह स्थिति देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। स्थिति गंभीर होने पर टाटा स्टील नोवामुंडी प्रबंधन को सूचना दी गई, जिसके बाद वहां से अग्निशमन वाहन मौके पर भेजा गया।

आग लगने के समय घरों में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, दोनों आवासों में रखा घरेलू सामान, आवश्यक वस्तुएं और अन्य सामग्री आग में जलकर नष्ट हो गई।

सेल की चार खदानें, फिर भी गुवा में अपना अग्निशमन वाहन नहीं

घटना के बाद मजदूर नेता रामा पाण्डे ने सेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सेल की मेघाहातुबुरु, किरीबुरू, गुवा और चिड़िया में चार बड़ी खदानें संचालित हैं। इसके बावजूद गुवा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था का अभाव चिंता का विषय है।

रामा पाण्डे के अनुसार, यदि गुवा में सेल का अपना अग्निशमन वाहन उपलब्ध होता तो आग लगने के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सकता था और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने आवासीय क्षेत्रों में आग की घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।

उन्होंने सेल प्रबंधन से गुवा में अत्याधुनिक अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवासीय क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!