Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

बर्मामाइंस हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य शूटर समेत तीन गिरफ्तार; दो विधि-विरुद्ध किशोर भी निरुद्ध

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना कांड संख्या-42/2026 में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहम्मद अफताब आलम हत्याकांड के मुख्य शूटर समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, जिंदा कारतूस, मैगजीन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप मोहम्मद अफताब आलम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। घटना में गंभीर रूप से घायल अफताब आलम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद बर्मामाइंस थाना में कांड संख्या-42/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

एसआईटी ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी

घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने 6 अगस्त की रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़े बैचिंग प्लांट में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कांड के मुख्य शूटर शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू और मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान को गिरफ्तार किया। इनके साथ मामले में नामजद दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया।

हत्या में इस्तेमाल हथियार और दो बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस और एक मैगजीन भी बरामद की गई।

अनुसंधान के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी शेख रहीम को ओडिशा के मयूरभंज जिले के बहलदा थाना क्षेत्र के सोसो गांव से गिरफ्तार किया।

पहले भी चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

बरामद सामान

एक देशी पिस्तौल

दो जिंदा 7.65 एमएम कारतूस

एक मैगजीन

हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल, नंबर JH05EA-8066

हीरो कंपनी की काले रंग की मोटरसाइकिल, नंबर JH05BJ-2902

गिरफ्तार आरोपी

शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू (20 वर्ष)

मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान (19 वर्ष)

शेख रहीम (40 वर्ष)

दो विधि-विरुद्ध किशोर, नाम गोपनीय

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और हत्याकांड से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों तथा घटना के पीछे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!