जमशेदपुर में 7 अगस्त को मनाया जाएगा 13वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

जमशेदपुर: वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (WDRO) की ओर से 7 अगस्त 2026 को माईकल जॉन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार भारती, पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह, आशुतोष राय और अमित मिश्रा ने दी।

आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2014 में WDRO ने पहली बार 7 अगस्त को हस्तकरघा दिवस मनाया था। इसके बाद वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अगस्त को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के रूप में घोषित किया। तब से संगठन देशभर में हर वर्ष इस दिवस का आयोजन कर रहा है।
इस वर्ष के समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से बुनकर प्रतिनिधियों सहित करीब 500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हस्तकरघा एवं बुनकर उद्योग की वर्तमान चुनौतियों, विशेषकर बुनकरों के पलायन पर चर्चा करना और उनके सशक्तिकरण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार को मांग-पत्र सौंपना है। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और बुनकरों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।




